तेजस्वी यादव का रांची में शक्ति प्रदर्शन, बोले-राजद को फिर बनाएंगे राष्ट्रीय पार्टी

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव का रविवार को रांची के कार्निवल बैंक्वेट हॉल में भव्य अभिनंदन किया गया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी को फिर से राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का संकल्प दोहराया और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद देशभर में अपने विस्तार की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी केरल में तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है और वहां लेफ्ट अलायंस के साथ गठबंधन में है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पार्टी की ताकत है, वहां चुनाव लड़ा जाएगा और संगठन को मजबूत करना प्राथमिकता है।

झारखंड के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी ने हर जिले और हर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर मजबूत तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर तैयारी रखनी चाहिए, ताकि गठबंधन की स्थिति में भी पार्टी मजबूत स्थिति में रहे। उन्होंने पिछली बार के चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सीमित सीटों, पांच पर लड़ने के बावजूद राजद ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए चार सीटों पर जीत हासिल की थी। तेजस्वी यादव ने कहा कि देश और राज्य में फिर्कापरस्त ताकतों को रोकना राजद की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की धरती पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को रोकने के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि गठबंधन में समझौते करने पड़ते हैं, लेकिन संगठन मजबूत होगा तो ज्यादा सीटों की मांग भी संभव होगी।

बिहार विधानसभा चुनाव में हार का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी जनता के वोट से नहीं हारी, बल्कि “मशीन तंत्र और धनतंत्र” के कारण हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 2025 के चुनाव में राजद को 1 करोड़ 90 लाख वोट मिले, जो पिछले चुनाव की तुलना में 20 लाख वोट अधिक हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन पार्टी के साथ बना हुआ है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद लालू प्रसाद की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी है और इसे कोई तोड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि कुछ नेताओं के पार्टी छोड़ने से संगठन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उन्होंने भरोसा जताया कि राजद ईडी-सीबीआई जैसी चुनौतियों के बावजूद वापसी करेगी और भविष्य में बिहार व केंद्र में सत्ता में आएगी। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने अपील की कि हर दिन कम से कम एक घंटा पार्टी के लिए दें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी को समान अवसर मिलना चाहिए और हर विंग को मजबूत बनाना जरूरी है।

इस दौरान उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति सम्मान व्यक्त किया और परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है। एक आरक्षण और संविधान को कमजोर करने की, और दूसरी डॉ. भीमराव अंबेडकर के आदर्शों को बचाने की। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव परिसीमन के आधार पर होंगे और झारखंड में विधानसभा सीटों की संख्या 120 व लोकसभा सीटों की संख्या 20 तक बढ़ सकती है। प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि झारखंड राजद, बिहार के साथ मिलकर पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिता यादव ने इस अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में सुधार और सामाजिक न्याय की जरूरत पर जोर दिया, जबकि राष्ट्रीय महासचिव अभय सिंह ने संगठन की मजबूती को चुनावी सफलता की कुंजी बताया।

Spread the love