उन्नाव में देश के पहले एआई आधारित विश्वविद्यालय का मुख्यमंत्री योगी ने किया उद्घाटन

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

उन्नाव : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शनिवार को देश के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ऑगमेंटेड मल्टीडिसिप्लिनरी विश्वविद्यालय ‘चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश’ का उद्घाटन किया। यह विश्वविद्यालय नवाबगंज में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर स्थित है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ के नजदीक उन्नाव में एआई आधारित चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की स्थापना पुरातन और आधुनिकता का समन्यवय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से उन्नाव जनपद की ओर से मांग हो रही थी कि एक विश्वविद्यालय की स्थापना होनी चाहिए। इस विश्वविद्यालय से आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, स्वास्थ्य, कृषि, सुरक्षा उपकरणों के निर्माण और जीवन के अलग-अलग क्षेत्र में विकास के मार्ग प्रशस्त होगा। जनपद में एआई की भूमिका को केंद्र में रखकर इस विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है। उन्नाव के लिए यह बड़ा अवसर है। भारत के विकसित होने के सपने पूरे करने में इसकी व्यापक भूमिका रहेगी। यह विश्वविद्यालय युवा शक्ति को आगे बढ़ाने में योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्नाव साहित्यिक, ऐतिहासिक दृष्टि से कलम, कौशल व अपने करिश्माई अंदाज के लिए जाना जाता है। अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं जो हमारे आध्यात्मिक विरासत का प्रतिनिधित्व करते हैं। अनेक ऐसी विभूतियों ने देश की आजादी की लड़ाई में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। उनसे देश को प्रेरणा मिलती है।

प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार द्वारा विकास की रोशनी समान स्तर तक पहुंची है। प्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में अनेकों उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। उत्तर प्रदेश में शिक्षा के ईको सिस्टम को ऊचाइयां मिलने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय व्यक्ति के निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मिशन की प्रयोगशाला है। इस अवसर मुख्यमंत्री योगी ने एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय प्रांगण में एक पौधा भी रोपित किया। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षामंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के चांसलर एवं सांसद सतनाम सिंह संधू, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल, सांसद हरि साक्षी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह समेत विवि के विभिन्न संकायों के प्रोफेसर, छात्र व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Spread the love