SUNIL KUMAR
राजमहल: विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने मटियाल स्थित इंडोर आउटडोर स्टेडियम में देर शाम एक रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया। हजारों क्षेत्रवासी शामिल हुए और सभी ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया। इफ्तार में खजूर, फल, पकौड़े और शरबत सहित कई पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। यह आयोजन रमजान के पवित्र महीने के दौरान सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। इस अवसर पर राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एम टी राजा ने कहा कि रमजान धैर्य और त्याग का महीना है। यह हमें एक-दूसरे की मदद करने और समाज में शांति व एकता बनाए रखने की सीख देता है। सांसद विजय कुमार हांसदा ने कहा कि त्योहार हमें जोड़ने का काम करते हैं और इनका उद्देश्य समाज को एकता के सूत्र में बांधना है। संसद ने इन त्योहारों की मान्यताएं धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ सामाजिक दृष्टिकोण से भी बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि आज इस दावत-ए-इफ्तार कार्यक्रम में मुस्लिम और हिंदू समाज का एक साथ शामिल होना इस बात का प्रतीक है कि हमारा देश प्रेम और सद्भाव के खूबसूरत धागे में बंधा हुआ है.राजमहल क्षेत्र के लोगों ने इस आयोजन को सौहार्द और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने वाला एक सराहनीय कदम बताया। कार्यक्रम में सभी धर्मों की उपस्थिति ने सामाजिक एकता का मजबूत संदेश दिया। मौके पर राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, डीडीसी सतीश चंद्रा, एसडीओ सदानंद महतो, सीओ मो यूसुफ, पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, नगर पंचायत प्रशासक सह सीडीपीओ दानिश हुसैन एवं अन्य उपस्थित थे।
