दिनदहाड़े अस्पताल को बनाया निशाना, फायरिंग कर ओरमांझी की ओर भागा अपराधी
खौफ के साये में विकास चौक:सीसीटीवी में कैद हुआ हमलावर,पुलिस को मिला खोखा
मो0 मुस्तफा
मेसरा : बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के विकास चौक पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई,जब एक अज्ञात बाइक सवार अपराधी ने विकास अस्पताल को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। हमलावर नीले रंग की अपाची बाइक पर सवार था और पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद बड़े आराम से फरार हो गया।
अस्पताल की दीवार पर लगी गोली
जानकारी के अनुसार,अपराधी बूटी मोड़ की तरफ से आया था। अस्पताल के सामने पहुंचते ही उसने अपनी बाइक धीमी की और फायरिंग शुरू कर दी। गोली अस्पताल की ऊपरी दीवार में जा लगी,जिससे वहां बड़ा छेद हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से अस्पताल परिसर और आसपास के दुकानदार जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
“ओरमांझी की तरफ भागा हमलावर”
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी ने तेजी से अपनी बाइक ओरमांझी की ओर मोड़ दी और आंखों से ओझल हो गया। सूचना मिलते ही मेसरा पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि अपराधी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है।
“सीसीटीवी फुटेज बना बड़ा सुराग”
हमलावर की पूरी तस्वीर अस्पताल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में अपराधी काले रंग के जैकेट और हेलमेट में नजर आ रहा है। पुलिस फुटेज की मदद से बाइक के नंबर और अपराधी के हुलिए का मिलान कर रही है। हालांकि,इस घटना के पीछे की वजह रंगदारी है या कुछ और,इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। “सुरक्षा पर सवाल” : भीड़भाड़ वाले विकास चौक पर दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने पुलिसिया गश्त और सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
