78.30 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ शेख अली गिरफ्तार

Crime Ek Sandesh Live

डिजिटल तराजू व पैकेजिंग सामग्री जब्त

SUNIL

राजमहल/साहिबगंज: राजमहल थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 78.30 ग्राम संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद किया है। मामले में पुलिस ने 52 वर्षीय शेख अली शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से डिजिटल तराजू, छोटे पैकेट और पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली पारदर्शी प्लास्टिक भी बरामद की है।

शनिवार को राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फुलवड़िया स्थित खोलाही टोला में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद कार्रवाई के लिए विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी राजमहल मो. यूसूफ के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और विधिवत छापेमारी की। तलाशी के दौरान शेख अली शेख को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान पारदर्शी प्लास्टिक में रखा सफेद रंग का 69.24 ग्राम संदिग्ध पदार्थ, जिसे प्रथम दृष्टया एमडीएमए जैसा बताया गया है, तथा 9.06 ग्राम हल्के भूरे रंग का संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ। दोनों पदार्थों का कुल वजन प्लास्टिक सहित 78.30 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा पुलिस ने 60 छोटे पैकेट, एक डिजिटल तराजू और 25 छोटे पारदर्शी पैकेजिंग प्लास्टिक भी बरामद किए हैं। बरामद पदार्थ की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। इस संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 293/26, दिनांक 28 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21/27 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान में राजमहल सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Spread the love