संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में 77 यूनिट रक्तदान, मानवता और सेवा का दिया संदेश

360°

Eksandeshlive Desk

रांची: मानवता, सेवा, प्रेम और परोपकार की भावना को समर्पित संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को बुध विहार, अरगोड़ा स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 77 यूनिट रक्तदान किया गया। इस आयोजन के माध्यम से मिशन ने मानव सेवा, आपसी भाईचारे और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित होकर रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं एवं आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। इनमें भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश सिंह जी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष आदित्य मलोत्रा जी, गुरुद्वारा रातू रोड, कृष्णा नगर कॉलोनी से मनीष मिढ्ढा जी, पंजाबी हिंदू बिरादरी से विजय खन्ना जी, मधन सिंह कुजारा जी एवं किशन अग्रवाल जी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

रक्त संग्रहण के लिए सदर अस्पताल की टीम के सहयोग से 45 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसमें 12 यूनिट रक्त निर्धारित कारणों से संग्रहित नहीं हो सका। सदर अस्पताल की रक्त संग्रहण टीम की प्रभारी रंजू सिन्हा जी रहीं। वहीं, ऑर्किड ब्लड सेंटर की टीम द्वारा 32 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसके प्रभारी शैलेश गुप्ता जी रहे। इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन का मूल संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” रक्तदान की इस पहल का प्रेरणास्रोत रहा। शिविर की संयोजक बहन चंपा भाटिया जी ने मिशन की विचारधारा को व्यक्त करते हुए कहा कि जब मनुष्य ब्रह्मज्ञान के माध्यम से आत्मबोध प्राप्त कर परमात्मा की एकत्वता को समझता है, तब उसके भीतर मानवता, प्रेम, करुणा और परोपकार की भावना स्वतः जागृत होती है। जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर प्रत्येक मानव को दूसरे मानव के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन की विचारधारा “मानव को मानव हो प्यारा, एक-दूसरे का बने सहारा” केवल एक आध्यात्मिक संदेश ही नहीं, बल्कि जीवन में अपनाने योग्य व्यवहारिक आदर्श भी है। रक्तदान इसी विचार का सजीव उदाहरण है, जहां एक व्यक्ति का निस्वार्थ सहयोग किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में आशा की नई किरण बन सकता है। उन्होंने आगे कहा कि शिविर के आयोजन का उद्देश्य केवल रक्त संग्रह करना नहीं, बल्कि समाज में निस्वार्थ सेवा, सद्भाव, एकता एवं मानव कल्याण की भावना को मजबूत करना भी है। संत निरंकारी मिशन सदैव यही प्रेरणा देता है कि परमात्मा के ज्ञान के साथ मानव जीवन को सेवा, प्रेम और विनम्रता से सार्थक बनाया जाए। इस रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीमों, सहयोगियों एवं उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों के योगदान से सेवा और मानवता का एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत हुआ।

Spread the love