परिसीमन मुद्दे पर स्टालिन को मनाने गए इंडिया ब्लॉक के नेता लौटे खाली हाथ, डीएमके चीफ ने कहा-सरकार का साथ देंगे

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

नई दिल्ली: परिसीमन विधेयक पर डीएमके के समर्थन के फैसले को बदलने के लिए रविवार को चेन्नई पहुंचे कांग्रेस और विपक्षी इंडिया ब्लॉक के नेताओं को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया। स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी की शुरुआत से रही मांगों को नए परिसीमन विधेयक में शामिल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि संसद में अपनी ताकत के जरिए उन्होंने अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु की राजनीतिक ताकत सुरक्षित कर ली है। उनके अनुसार, विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है और भावनात्मक फैसले लेने की गुंजाइश नहीं है। स्टालिन ने रविवार को एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव एमए बेबी और तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित विपक्षी नेताओं के साथ हुई बैठक का विवरण साझा किया। उन्होंने कहा कि नेताओं ने परिसीमन विधेयक को लेकर अपनी मांगें रखीं। उन्होंने उन्हें बताया कि डीएमके जिन मांगों को शुरू से उठा रही थी, उन्हें नए विधेयक में शामिल किया गया है। नेताओं ने उनकी बात स्वीकार की और कुछ अन्य मुद्दे भी उठाए। स्टालिन ने कहा कि यदि यह विधेयक संसद में पारित नहीं होता है तो तमिलनाडु अपनी न्यूनतम सुरक्षा भी खो देगा। उनके अनुसार, डीएमके के पास इतनी संसदीय संख्या नहीं है कि वह जनवरी 2027 में गठित होने वाले परिसीमन आयोग में दक्षिणी राज्यों के साथ होने वाले अन्याय को रोक सके। उन्होंने आशंका जताई कि यदि परिसीमन 1971 के बाद की किसी जनगणना के आधार पर किया गया तो तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व और राजनीतिक ताकत कम हो जाएगी। उन्होंने इसे दक्षिण भारत के राजनीतिक दलों के लिए जीवन-मरण की लड़ाई बताते हुए कहा कि विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। स्टालिन ने दावा किया कि उनसे मिलने वाली पार्टियों के पास भी कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद में अपनी ताकत का इस्तेमाल कर तमिलनाडु के राजनीतिक हितों को अगले 25 वर्षों के लिए सुरक्षित किया गया है। ऐसे में जोखिम लेने या भावनाओं में बहकर निर्णय करने की कोई गुंजाइश नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा-आरएसएस तमिल सभ्यता, भाषा और संस्कृति के खिलाफ: इससे पहले बैठक के बाद राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने स्टालिन के सामने विपक्ष का पक्ष रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा की सदस्य संख्या 850 करने और भाजपा को निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना बदलने का अवसर देने का प्रस्ताव देश, दक्षिण भारत और विशेष रूप से तमिलनाडु के लिए नुकसानदायक है। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा असम और जम्मू-कश्मीर में इस तरह का प्रयोग कर चुकी है और अब इसे पूरे देश में लागू करना चाहती है। उन्होंने स्टालिन से तमिलनाडु के हितों की रक्षा के लिए इस प्रस्ताव का विरोध करने का आग्रह किया। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी आरोप लगाया कि वह तमिल सभ्यता, भाषा और संस्कृति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि 850 सीटों वाली लोकसभा के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की संरचना बदलने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। राहुल ने इसे तमिल संस्कृति, भाषा, तमिल लोगों और भारतीय संघ के लिए खतरा बताया। इससे पहले परिसीमन के मुद्दे पर स्टालिन को मनाने के लिए इंडिया ब्लॉक के नेता दिल्ली से दो अलग-अलग विशेष विमानों से चेन्नई पहुंचे थे। पहले विमान में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, एमए बेबी और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल सहित 13 नेता थे। दूसरे विमान में राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और ईटी मोहम्मद बशीर सहित अन्य नेता पहुंचे। दोनों विमानों से आए नेता चेन्नई हवाई अड्डे से एक होटल पहुंचे और दोपहर का भोजन किया। इसके बाद सभी नेता शाम करीब 4:30 बजे चेन्नई के आल्वारपेट स्थित स्टालिन के आवास पर पहुंचे। डीएमके और इंडिया ब्लॉक के नेताओं के बीच बातचीत शाम करीब 4:45 बजे शुरू हुई। बैठक को देखते हुए स्टालिन के आवास पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के नेताओं के पहुंचने से पहले स्टालिन के आवास के बाहर डीएमके पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ‘गो बैक कांग्रेस’ के नारे लगाए। डीएमके के अधिवक्ता प्रकोष्ठ से जुड़ी सरण्या नटराजन ने ‘गो बैक कांग्रेस’ का बैनर लेकर प्रदर्शन किया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने इस बारे में जवाब देने से इनकार कर दिया। डीएमके सांसद कनिमोझी ने बैठक से पहले कहा था कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक पर अपना रुख और सांसदों की बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी रविवार सुबह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को दे दी है। उन्होंने कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा था। स्टालिन ने एक दिन पहले ही केंद्र सरकार के परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि विधेयक में डीएमके की दो प्रमुख मांगें शामिल हैं। इनमें लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी बरकरार रखना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में डीएमके के 22 और राज्यसभा में 8 सदस्य हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का विरोध करने का ऐलान किया है। पार्टी ने अपने 37 लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी कर विधेयक पर चर्चा के दौरान सदन में उपस्थित रहने और इसका विरोध करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के एक विधायक ने भी कहा था कि शरद पवार विधेयक का समर्थन करने को तैयार हैं।

Spread the love