बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर पहुंचे पूर्व क्रिकेटर, वनकर्मियों से किया संवाद
Eksandeshlive Desk
भोपाल: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और पद्मश्री सम्मानित अनिल कुंबले रविवार को मध्य प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर पहुंचे। यहां उन्होंने वन्यजीव संरक्षण में जुटे वनकर्मियों से संवाद करते हुए कहा कि क्रिकेट और जंगल से उनका खास जुड़ाव है, लेकिन जंगलों की रक्षा के लिए दिन-रात काम करने वाला हर वनकर्मी भी उनके दिल के बेहद करीब है। अनिल कुंबले ने बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण के दौरान वन्यजीव संरक्षण में जुटे वनकर्मियों से मुलाकात की। ताला स्थित ईको सेंटर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रशिक्षु वनरक्षकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने क्रिकेट जीवन के अनुभव साझा करते हुए सफलता के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने के लिए लंबे समय तक लगातार काम करना पड़ता है। कठिन हालात में धैर्य बनाए रखना और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना ही आगे बढ़ने का रास्ता है।
बाघों की सुरक्षा भी धैर्य और समर्पण का काम: वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कुंबले ने क्रिकेट और वन विभाग की जिम्मेदारियों के बीच समानता बताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह खेल में लगातार अभ्यास और अनुशासन जरूरी है, उसी तरह जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए भी निरंतर प्रयास करने पड़ते हैं। जंगलों में गश्त, विपरीत परिस्थितियों में ड्यूटी और वन्यजीवों को सुरक्षित रखना बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने नए वनरक्षकों से अपने काम को पूरी ईमानदारी और लगन के साथ करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने कुंबले का स्वागत किया। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनके जुड़ाव की सराहना करते हुए कहा कि बाघों का संरक्षण भी लंबे समय तक किए जाने वाले प्रयासों और धैर्य का परिणाम है। कुंबले जैसी जानी-मानी हस्तियों का संरक्षण कार्यों से जुड़ना वन विभाग के कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
एक पारी में सभी 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड: संवाद के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी स्वस्ति जैन ने अनिल कुंबले की प्रमुख क्रिकेट उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कुंबले टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। वर्ष 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली टेस्ट की एक पारी में सभी 10 विकेट हासिल करना उनके करियर की ऐतिहासिक उपलब्धि रही है। वर्ष 2002 में एंटीगुआ टेस्ट के दौरान जबड़ा टूटने के बावजूद चेहरे पर पट्टी बांधकर गेंदबाजी करना उनके जज्बे और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों, रेंज स्टाफ और प्रशिक्षु वनरक्षकों ने कुंबले से क्रिकेट और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सवाल किए। उन्होंने सभी के सवालों के जवाब दिए। समापन पर मध्य प्रदेश वन विभाग की ओर से कुंबले को बाघ का छायाचित्र स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया गया।
