मुखिया संघ की बैठक में भ्रष्टाचार पर वार

360° Ek Sandesh Live Politics

RANJAN

बड़कागांव: प्रखंड मुख्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर बड़कागांव सांड पंचायत भवन में मुखिया संघ की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया संघ के अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता एवं संचालन सांड पंचायत के पूर्व मुखिया सह मुखिया प्रतिनिधि भीखन महतो ने किया। बैठक में संघ की मजबूती पर विशेष जोर दिया गया और साथ ही साथ प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न विभागों विशेष कर अंचल में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर गहन विचार विमर्श किया गया। भ्रष्टाचार के कारण आम जनमानस इसके चपेट में आकर परेशान हो रहे हैं। मुखिया संघ अध्यक्ष रंजीत कुमार मेहता ने बताया कि अगर समय रहते ब्लॉक एवं अंचल के अधिकारी भ्रष्टाचार एवं रिश्वत लेना बंद नहीं किया तो विवश होकर बड़कागांव मुखिया संघ प्रखंड मुख्यालय में आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक में सर्वजन पेंशन बनवाने के लिए पैसा लेकर ऑनलाइन करने का मामला संघ के बीच रखा गया। बताया गया कि बिना रिश्वत लिए लोगों का ऑनलाइन नहीं किया जाता है और रिश्वत नहीं देने वाले लोगों का फार्म पेंडिंग रखा जाता है, उन्हें बार-बार दौड़या जाता है। मौके पर मुख्य रूप से मुखिया रंजीत कुमार मेहता, पारस नाथ प्रसाद, मो तकरीमुल्लाह, पूर्व मुखिया भीखन महतो, गीता देवी, चंदन पूरी, बालेश्वर महतो, लीलावती देवी, सनित महतो, प्रभु महतो, इलियास अंसारी के अलावा कई लोग उपस्थित थे।