पारंपरिक परिधानों, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों व आकर्षक खिताबों से सजा उत्सव
कोडरमा। तिलैया डैम स्थित ग्रिजली विद्यालय में बुधवार को ‘मदर्स डांडिया उत्सव’ में गरबा-डांडिया की धूम, रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों व मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव के माहौल को जीवंत बना दिया। नर्सरी से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों की माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास व रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। गरबा, डांडिया, सामूहिक नृत्य व रैंप वॉक से सजे इस आयोजन में भारतीय संस्कृति की मनमोहक छटा देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की निदेशिका शुभा कपसिमे, प्राचार्या अंजना कुमारी, ग्रिजली पब्लिक स्कूल की प्राचार्या नीरजा व कार्यक्रम में शामिल माताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों व अभिभावकों का स्वागत करते हुए प्राचार्या अंजना कुमारी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय व अभिभावकों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ भारतीय परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डांडिया उत्सव आपसी सहयोग, एकता व उल्लास की भावना को प्रोत्साहित करने का सुंदर माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समृद्धि व समूह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मनीषा चंद्रा के मार्गदर्शन में कुशली हर्ष व सुहानी कुमारी ने मंच संचालन किया। कक्षा सातवीं की रियांशिका, अनुष्का आनंद, मानसी कुमारी व रुद्राणी, कक्षा पांचवीं की आरोही साहू, हिमांशी कुमारी, सोनम कुमारी व चार्वी कुमारी व कक्षा छठी की अमीषा कुमारी ने आकर्षक गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, डांडिया नृत्य में वेदांता वर्मा, पूर्णिमा यादव, नैन्सी, आकृति यादव, रिया राज, अक्षिता कुमारी, आयुषी सिन्हा, आशी कुमारी व कंचन गुप्ता सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। माताओं, विद्यार्थियों व शिक्षकों की सामूहिक नृत्य प्रस्तुतियों ने उत्सव में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माताओं की रैंप वॉक रही। पारंपरिक परिधानों, आकर्षक अंदाज व आत्मविश्वास से भरपूर उनकी प्रस्तुतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली माताओं को आकर्षक खिताबों से सम्मानित किया गया। माधुरी कुमारी को ‘क्राउड्स फेवरेट’, स्नेहा पोइया को ‘वॉक आॅफ एलिगेंस’, श्वेता कुमारी को ‘कॉन्फिडेंट क्वीन’, नेहा को ‘फेस्टिव फैशनिस्टा’, मूनमून नाथ को ‘अल्टीमेट शोस्टॉपर’, सृष्टि कुमारी को ‘फैशन फिनॉमिनन’, शालोनी कुमारी को ‘ग्रेसफुल डीवा’, रेशमा जायसवाल को ‘स्टाइल आइकॉन’, कंचन को ‘बेस्ट अटायर’ व भारती केशरी को ‘रिदम क्वीन’ के खिताब से सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस गतिविधि ने माताओं को अपनी प्रतिभा व व्यक्तित्व को मंच पर प्रस्तुत करने का यादगार अवसर दिया। कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण किया गया व फारिया सबा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में सीसीए संयोजक कुमारी एकता व कार्यक्रम प्रभारी प्रीति जगनानी,शिक्षिकाओं शालिनी सिन्हा, वीणा भदानी, रिम्मी चटर्जी, अल्पना श्रीवास्तव, काजल प्रवीण, हेमा राजपूत, सारिका देवी, तरन्नुम खान, नीतू कुमारी, पूजा कुमारी, श्रुति प्रसाद, सिंपल शर्मा व श्वेता प्रकाश सहित अन्य शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में छात्र स्वयंसेवकों राजलक्ष्मी गुप्ता, यशस्वी प्रिया, मीनाक्षी कुमारी, निशा नंदानी, अन्वेषा, रानी कुमारी, कुमारी अप्सरा, अंकिता रानी, प्रिया पचेरिया व सान्वी ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभागार की आकर्षक सजावट में सिंपल शर्मा व संजय कुमार राय का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं एवलि बर्णवाल, हेमा राजपूत, रिम्मी चटर्जी, श्रुति प्रसाद, रिंकी, प्रियदीप, स्नेहा, सुनीता रमेश, मानसी, श्वेता प्रकाश, पूजा, आरती, तरन्नुम खान, समिधा, अम्ब्रिज सरकार, काजल, सारिका देवी, सदफ नाज, मधुलिका गुप्ता व अनुपमा यादव सहित अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। ‘मदर्स डांडिया उत्सव’ ने विद्यालय परिसर को सांस्कृतिक रंगों, उमंग व उल्लास से सराबोर कर दिया। इस आयोजन ने माताओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ विद्यालय, अभिभावकों व शिक्षकों के बीच आपसी सौहार्द, सहयोग व सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत किया।
