Eksandeshlive Desk
धनबाद : धनबाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ा पिछड़ी जाने वाले रास्ते में कंचन टॉकीज के समीप युवक का शव गुरुवार को बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा शव देखे जाने के बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद बरवाअड्डा थाना के प्रभार में चल रहे सब इंस्पेक्टर अजय कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
क्या कहते हैं बरवाअड्डा थाना प्रभारी
बरवाअड्डा थाना प्रभारी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि एक शव पाया गया है, लेकिन शव की शिनाख्त अबतक नहीं हो सकी है। आसपास के लोग शव को नहीं पहचान रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया गोली लगने से मौत का मामला प्रतीत हो रहा है। मृत युवक की उम्र करीब 40 साल के आसपास है। उसके शरीर पर एक गोली लगने का निशान दिखाई दे रहा है। वहीं, पास से एक खोखा भी बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल पर जांच शुरू कर दी गई है। सभी थाना को भी घटना को लेकर सूचित कर दिया गया है। साथ ही शव की शिनाख्त के लिए कोशिश जारी है।
क्या कहते हैं डीसीपी शंकर कामती
वहीं, इस मामले को लेकर डीसीपी शंकर कामती ने कहा कि प्रथम दृष्टया गोली मारकर युवक की हत्या करने की बात सामने आई है। युवक का शव बरामद किया गया है। युवक को दो गोली लगी है। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारी गई है। युवक की पहचान के लिए तमाम थाना की पुलिस को वायरलेस पर सूचना दे दी गई है।वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा है कि पहले युवक का अपहरण किया गया है, उसके बाद गोली मारकर उसकी हत्या गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।