प्रतापपुर(चतरा): लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने एक दिवसीय प्रतापपुर प्रखंड दौरे के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ कुमार संजीव के साथ विभिन्न विभागों एवं वार्डों का जायजा लेते हुए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मशीनों तथा स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों, नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की कमी का मामला सामने आया, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। विधायक ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध आधुनिक मशीनों और आॅपरेशन थिएटर की सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि आवश्यक चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के अभाव में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। यदि स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त चिकित्सकों एवं कर्मियों की नियुक्ति कर सभी सुविधाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, तो प्रतापपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकती है। विधायक जनार्दन पासवान ने ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की कमी दूर करना आवश्यक है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़े। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं के समाधान तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक के लिए महत्वपूर्ण हैं और इस दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा। प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की कमी और उपलब्ध सुविधाओं के पूर्ण संचालन का मुद्दा एक बार फिर सामने आने से स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है। यदि आवश्यक नियुक्तियां और व्यवस्थागत सुधार किए जाते हैं, तो इससे प्रतापपुर प्रखंड सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बड़ी राहत मिल सकती है।
