By Sunil Verma
मेसरा/ओरमांझी (रांची): भगवान बिरसा जैविक उद्यान,चकला (ओरमांझी) परिसर में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण आगामी 28 नवंबर 2026 को ऑनलाइन माध्यम से किए जाने की पूर्ण संभावना है। इस भव्य आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को भगवान बिरसा मुंडा स्मारक समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने जैविक उद्यान के निदेशक राजेंद्र नायडू से शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक के दौरान प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं,सुरक्षा,अतिथियों के स्वागत तथा उद्यान परिसर में सुचारू संचालन को लेकर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की गई। निदेशक राजेंद्र नायडू ने समिति के पदाधिकारियों को आयोजन में हर संभव प्रशासनिक या अन्य सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि धरती आबा की यह प्रतिमा क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव और प्रेरणा का केंद्र बनेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से स्मारक समिति की अध्यक्ष वीणा मुंडा,संरक्षक मंगल उरांव,काशीनाथ पाहन,रोपण उरांव,उपाध्यक्ष बुद्धेश्वर मुंडा,सुखराम पाहन,रीना उरांव सहित समिति के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
