26 नवंबर को झारखंड के सभी 30 जिलों में संविधान गौरव दिवस मनाएगी भाजपा

Ek Sandesh Live

By Sunil
रांची: भारतीय जनता पार्टी 26 नवंबर को पूरे झारखंड में संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इस अवसर पर राज्य के सभी 30 सांगठनिक जिलों में विशेष संगोष्ठी व श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। रांची में कार्निवल बैंक्वेट हॉल में संगोष्ठी दिन के 11 बजे से प्रारंभ होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान निमार्ता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। यह घोषणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में की। बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में डॉ. आंबेडकर के सम्मान में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की थी। भाजपा संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जनता के बीच रखेगी। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा एवं कल्याणकारी कार्यों को भी रेखांकित करेगी। इसके अलावा कांग्रेस द्वारा संवैधानिक मूल्यों की अवहेलना और संविधान के अपमान से जुड़े प्रसंगों को भी जनता के सामने लाया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लोकतंत्र और संविधान के प्रति प्रेम महज दिखावा है। कांग्रेस को लोकतंत्र एवं संविधान पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि उसने अपने शासनकाल में बार-बार संविधान की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। वर्ष 1952 में संविधान लागू होने के तत्काल बाद ही कांग्रेस ने इसमें संशोधन किया। वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर देश की जनता के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया। कांग्रेस ने जब भी संविधान में संशोधन किया, उसका उद्देश्य सत्ता बचाना और अपने परिवार को मजबूत करना रहा। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान को मजबूती प्रदान करने का काम किया है।बाउरी ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और बाबा साहेब को सबसे अधिक चोट कांग्रेस ने पहुंचाई है। बाबा साहेब के निधन के बाद दिल्ली में उन्हें दो गज जमीन तक उपलब्ध नहीं कराई गई। जिस संविधान की ताकत से आज हजारों लोग सांसद-विधायक बनते हैं, उसी संविधान निमार्ता को कांग्रेस ने चुनाव जीतने तक नहीं दिया। तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू स्वयं बाबा साहेब के खिलाफ चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न तक अपने शासनकाल में नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस संविधान के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रही है। कांग्रेस ने 26 नवंबर को लोकतंत्र बचाओ मार्च निकालने की घोषणा की है। कांग्रेस लगातार झूठा प्रचार करती है कि संविधान खतरे में है। कांग्रेस के इसी दोहरे चरित्र का पदार्फाश करने के लिए भाजपा राज्यव्यापी संगोष्ठियों का आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान दिवस पर हुई चर्चा का बहिष्कार किया और जनजातीय गौरव दिवस पर भी यही रवैया अपनाया। राहुल गांधी को सदन में भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने तक का समय नहीं मिलता। कांग्रेस को संविधान और बाबा साहेब के अपमान के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह एवं प्रदेश प्रवक्ता राफिया नाज भी उपस्थित थी।

Spread the love