NEWS BY -AKBAR
उर्दू भाषा एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश देती है : डीएसपी अकरम रजा
रामगढ़:अंजुमन फरोग-ए-उर्दू, रामगढ़ जिला इकाई की ओर से रामगढ़ शहर स्थित रोटरी क्लब में आज उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार एवं उर्दू विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ पवित्र कुरआन के पाठ से हुआ। इसके बाद नात-ए-पाक प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात डॉ. शाहनवाज खान द्वारा लिखित तराना-ए-उर्दू पढ़ा गया। इस अवसर पर प्रखंड एवं जिला स्तरीय परीक्षाओं में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले कुल 126 उर्दू छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, मोमेंटो तथा मासिक पत्रिका ‘उमंग’ की एक-एक प्रति प्रदान की गई। 126 विद्यार्थियों में गोला प्रखंड से द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली उर्दू विद्यार्थी संजना कुमारी और सिमरन कुमारी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित रूप से शिक्षा प्राप्त करने तथा मेहनत और लगन के बल पर तरक्की की राह प्रशस्त करने के लिए प्रेरित किया गया। विशेष रूप से उर्दू भाषा की शिक्षा पर जोर दिया गया। समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष हाजी रईस खान ने की, जबकि संचालन केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. शाहनवाज खान ने किया।
समारोह के मुख्य अतिथि रामगढ़ के डीएसपी अकरम रजा ने अपने संबोधन में कहा कि उर्दू और हिंदी दोनों भाषाएं देश की सभ्यता एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। हिंदी की तरह उर्दू भी देश में राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि भाषाएं लोगों को जोड़ने का काम करती हैं। इसलिए हमें सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए तथा उनके प्रचार-प्रसार के लिए सकारात्मक प्रयास करनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रियाज अहमद ने अंजुमन फरोग-ए-उर्दू, रामगढ़ की गतिविधियों एवं सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि अंजुमन उर्दू भाषा और साहित्य के प्रचार-प्रसार के लिए बेहतर एवं सराहनीय कार्य कर रही है। 126 उर्दू विद्यार्थियों को सम्मानित करना एक सराहनीय कदम है, जिससे विद्यार्थियों में शैक्षणिक जागरूकता और उर्दू भाषा के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंजुमन भविष्य में भी इसी उत्साह और निष्ठा के साथ उर्दू भाषा एवं साहित्य की सेवा करती रहेगी।
अतिथि कमल कुमार बगड़िया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उर्दू केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश देने वाली भाषा है। इस भाषा ने हमेशा विभिन्न धर्मों एवं संस्कृतियों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उर्दू की यही विशेषताएं इसे ऐसी भाषा बनाती हैं, जो दिलों को जोड़ने तथा समाज में आपसी सम्मान और सौहार्द को बढ़ावा देने का माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. शाहनवाज खान ने कहा कि विद्यार्थियों को सभी प्रकार के आधुनिक ज्ञान-विज्ञान एवं कला की शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए, लेकिन इसके साथ साथ अपनी मातृभाषा उर्दू शिक्षा को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने बच्चों को उर्दू पढ़ने, लिखने और समझने की क्षमता प्रदान करवाना प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है। जीवन में बच्चों को अपनी मातृभाषा से जोड़कर रखना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता तारिक अनवर, सामाजिक कार्यकर्ता इमरान रजा खान, सब-इंस्पेक्टर सलीम खान, कमल किशोर बगड़िया, सरोज कांत झा, उदय नाथ मिश्रा, प्रो. उत्तम कुमार, हाजी फखर आलम, मुफ़्ती तनवीर सिद्दीकी, मुफ़्ती इजहार, मौलाना मरगूब आलम, मौलाना मुहम्मद रजा, मौलाना मुजीब, मौलाना मुजीबुल्लाह नदवी, हाफिज साजिद, डॉ. एल. एम. सिद्दीकी, अनवर मलिक, आरिफ कुरैशी, मुहम्मद मुजम्मिल, रमीजुर्रहमान, दिलदार अंसारी, सुहैल अख़्तर, सुहैल अंसारी, इकबाल अहमद, मुहम्मद इमरान, आफताब आलम, अमीरुल हसन, फरीद अंसारी, मुहम्मद शाहिद रजा, तौसीफ आफरीदी, जलील अंसारी, मुहम्मद हातिम, जमील अहमद कुरैशी, उम्मे सलमा, शफक सानिया, शफकत जहां, हीना परवीन, अकदस नदीम, अतहर अली, सलीम खान कादरी, गुलाम मोहिउद्दीन, अजमल हुसैन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
