Eksandeshlive Desk
लखनऊ : उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि आठ साल में उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन चुका है और अब यह उद्यम प्रदेश बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर कहा कि वे दृढ़संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश के विकास के लिए समर्पित हैं। उप राष्ट्रपति शुक्रवार को राजधानी के अवध शिल्पग्राम में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महाकुंभ की चर्चा कर कहा कि पूरी दुनिया आश्चर्यचकित है कि प्रयागराज में इतना बड़ा आयोजन आखिर कैसे इतने सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है। उन्होंने प्रदेश में अपराध में आई गिरावट की तारीफ की और कहा कि इससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में उल्लेखनीय उछाल आया है। उन्होंने आदित्यनाथ के नारे ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का समर्थन करते हुए कहा कि उनके इस विचार को पूरे देश ने अपना समर्थन दिया है। उप राष्ट्रपति ने देश में अवैध शरणार्थियों की मौजूदगी पर भी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि मैंने योगी आदित्यनाथ का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और आगामी एक फरवरी को परिवार के साथ महाकुंभ में डुबकी लगाउंगा। ये मेरे लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने प्रदेश की जनता को राज्य के स्थापना दिवस की बधाई दी और कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने इस बात को चरितार्थ किया है कि यूपी अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस मनाने की परंपरा सराहनीय कदम है। हर स्थापना दिवस पर एक योजना प्रारंभ की गई है। आज मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान का शुभारंभ किया गया है। इसके अंतर्गत 10 लाख उद्यमी ही नहीं बनेंगे, बल्कि ये उद्यमी औरों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगे।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि यूपी की पहचान इसकी तीव्र और ऐतिहासिक प्रगति के रूप में झलक रही है। ये आसान काम नहीं था। किसी ने सोचा नहीं था ऐसा होगा, इसके लिए आदित्यनाथ साधुवाद के पात्र हैं। विश्वस्तरीय संस्थागत ढांचे के निर्माण में यूपी सबसे आगे है। पूरी दुनिया के लिए ये एक उदाहरण है। तकनीकी और व्यापार के विस्तार में भारत की लंबी छलांग में यूपी की भागीदारी महत्वपूर्ण है। एक जमाना था जब यूपी की पहचान कानून व्यवस्था की चिंता से होती थी। उससे निकलने का रास्ता नहीं दिखता था। प्रदेश एक चक्रव्यूह में फंस गया था। संभावनाएं कुंठित हो गई थीं। योगी जी ने इसे सुशासन वाले प्रदेश की पहचान दी है। इस प्रगति की चर्चा देश-विदेश में है। इस प्रदेश पर श्रीराम, श्रीकृष्ण, काशी विश्वनाथ और संकटमोचन बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त है। गोरखनाथ मंदिर के पीठाधीश्वर इसका नेतृत्व कर रहे हैं। जब नेतृत्वकर्ता मजबूत होता है तो विकास गुणात्मक होता है। इस प्रदेश में योगियों की लंबी शृंखला रही है। आज इस प्रदेश का नेतृत्व एक योगी के हाथ में है। भगवान बुद्ध ने यहां प्रथम संदेश दिया। उत्तर प्रदेश स्वतंत्रता आंदोलन की गाथाओं से ओत प्रोत है।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि 26 साल की उम्र में और बीते 26 साल से आदित्यनाथ ने जनसेवा के लिए खुद को दृढ़संकल्प के साथ समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें महंत अवेद्यनाथ के बाद सांसद बनने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि लगातार दो बार मुख्यमंत्री बनने वाले इस प्रांत में केवल योगी आदित्यनाथ हैं। इनका कार्यकाल किसी भी पहले के मुख्यमंत्री से ज्यादा रहा है।