शताब्दी वर्ष : झारखंड भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी स्मृतियों का संग्रह करेगी

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : भाजपा भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। झारखंड प्रदेश भाजपा ने भी इस आयोजन की तैयारियों में जुटने के लिए प्रदेश स्तरीय समिति का गठन किया है, जिसके संयोजक प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू हैं। सह संयोजक के रूप में पूर्व विधायक अनंत ओझा, प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह, शिवपूजन पाठक, योगेंद्र प्रताप सिंह, अनिल सिंह और अनुज कुमार शामिल हैं।

प्रदेश कार्यालय में आगामी कार्ययोजना पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ नेता और विधायक सीपी सिंह ने बताया कि प्रदेश भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़ी स्मृतियों का संग्रह करेगी। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में गठित अटल शताब्दी आयोजन समिति जिला स्तर पर अटल जी की स्मृतियों का संग्रह करेगी। सीपी सिंह ने यह भी कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का झारखंड से गहरा जुड़ाव था। उन्होंने कई बार झारखंड के ग्रामीण इलाकों में यात्रा की और जनसंघ के कार्यकर्ताओं के घर विश्राम भी किया। उनका योगदान पार्टी के जनाधार को मजबूत करने में अमूल्य था। इन सभी स्मृतियों और जानकारियों को शताब्दी वर्ष में डिजिटल रूप में संकलित करने की योजना पर काम चल रहा है।

सिंह ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आग्रह किया कि यदि उनके पास अटल जी से जुड़ी कोई स्मृति, फोटो, वीडियो है तो उसे संबंधित जिले में गठित समिति को सौंपें। उन्होंने यह भी बताया कि इन सामग्री की मूल प्रति नहीं ली जाएगी, बल्कि उसकी कॉपी करके वापस दी जाएगी। यह संग्रहण कार्य 14 फरवरी तक पूरा किया जाएगा और जिलों में प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके बाद 15 फरवरी से 15 मार्च तक हर जिले में अटल विरासत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रबुद्धजन और अटल जी के साथ कार्य कर चुके कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश मंत्री सुनीता सिंह,प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह प्रभारी अशोक बड़ाइक उपस्थित रहे।