महिला की मौत, जेठानी और उसकी दो बेटियां गिरफ्तार

Crime

Eksandeshlive Desk

पलामू : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के दिनादाग गांव में बकरी बांधने को लेकर हुए विवाद में पिटायी से जख्मी एक महिला की इलाज के दौरान 21 दिन बाद मौत हो गई। महिला को उसकी जेठानी ने अपनी दो बेटियों के साथ मिलकर पीटा था, जिसका रांची के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेठानी और उसकी दो बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत महिला की पहचान शांति देवी (42) के रूप में हुई है, जबकि जेठानी फूलमतीया देवी (45) और उसकी दो बेटी रंजू (22) और अंजू (19) शामिल हैं। जानकारी के अनुसार घटना गत तीन अप्रैल की है। मृतका के पति मदन यादव के अनुसार फूलमतीया देवी और उनकी बेटियां रंजू और अंजू ने शांति देवी को लाठी-डंडे और लकड़ी के पीढ़े से मारा था। इस हमले में शांति की रीढ़ और गर्दन की हड्डी टूट गई थी। गंभीर हालत में उसे पहले छतरपुर के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। फिर उन्हें मेदिनीनगर के एमआरएमसीएच रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर रिम्स रांची और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के बेटे मुन्ना की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी महिला और उसकी दोनों बेटियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से जमीन विवाद चल रहा था। आरोपियों का कहना है कि शांति देवी उनकी जमीन में बकरी बांध रही थीं, जिस पर विवाद हुआ था।