सरकार ने ‘मंईयां सम्मान योजना’ को बना दिया ‘महिला अपमान योजना’ : सुदेश

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा है कि हेमंत सरकार ने ‘मंईयां सम्मान योजना’ को ‘महिला अपमान योजना’ बना दिया है। विधानसभा चुनाव के वक्त वोट बटोरने के लिए 56.61 लाख महिलाओं को ‘मंईयां सम्मान योजना’ के तहत ढाई हजार रुपये दे दिये गये थे, लेकिन अब दस्तावेज और नियमों का हवाला देकर पांच लाख महिलाओं का नाम काटा जा रहा है। इससे मातृशक्ति अपमानित महसूस कर रही है। इन महिलाओं के साथ अन्याय क्यों किया जा रहा है?

सुदेश महतो रविवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में पार्टी की महिला प्रकोष्ठ की उत्तर छोटानागपुर प्रमंडलीय बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि हेमंत सरकार की बेईमानी का पर्दाफाश जमीनी स्तर पर करें। ग्राम स्तर पर मातृ शक्ति को पार्टी से जोड़ने और जागरुक करने के लिए अभियान चलाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में आजसू की अहम भूमिका रही है। पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत महिला भागीदारी तथा स्वयं सहायता समूह के गठन के लिए आजसू ने सरकार में रहकर क्रांतिकारी परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त किया। बैठक को विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, प्रवीण प्रभाकर, संतोष महतो, विजय साहू, बोकारो जिला पंचायत (जिप) उपाध्यक्ष बबीता कुमारी, जिप सदस्य खुशबू कुमारी, यशोदा देवी, संगीता बारला सहित अन्य ने संबोधित किया।