Eksandeshlive Desk
धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के घोसखोडीह में जमीन विवाद को लेकर दौलतराम महतो (32) की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी चाचा त्रिवेणी प्रसाद महतो और उसके बेटे सूर्यकांत महतो को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बरियापुर से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है। मृतक के भाई साहेब राम महतो ने अपने ही परिवार के सदस्यों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, घसकोडीह निवासी दौलतराम महतो सोमवार को बाइक से फल खरीदने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान निचितपुर जाने वाली सड़क पर उन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में गला काटे जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई साहेब राम महतो ने त्रिवेनी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता था और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। आरोपियों में त्रिवेणी प्रसाद महतो के राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर होने की बात भी सामने आई है।
हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने से रोक दिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस की समझाने के बाद लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर मुख्य आरोपी त्रिवेणी प्रसाद महतो और उसके बेटे सूर्यकांत महतो को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल, पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। हत्या में अन्य आरोपियों की भूमिका और जमीन विवाद से जुड़े पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और अन्य लोगों की संलिप्तता स्पष्ट हो सकेगी।
