तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, एक की मौत

Road Accident

Eksandeshlive Desk

पूर्वी सिंहभूम : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीबाड़ी सर्किट हाउस के पास शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना उस समय घटी जब तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवक सोनारी की ओर से साकची जा रहे थे। घायल युवक को गंभीर अवस्था में टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार तेज गति में होने के कारण बाइक सवार युवकों ने नियंत्रण खो दिया और उनकी मोटरसाइकिल सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और बाइक पर सवार युवक विश्वरूप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बिष्टुपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। मृत युवक की पहचान सोनारी निवासी विश्वरूप कुमार के रूप में किया गया है और घायल शिवम् कुमार है।उसके परिजनों को सूचित किया गया है। बाइक को जब्त कर लिया गया है और यह भी जांच की जा रही है कि बाइक चालक नशे में था या नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र सर्किट हाउस के पास होने के कारण अपेक्षाकृत शांत रहता है, लेकिन हाल के दिनों में यहां तेज गति से चलने वाले दोपहिया वाहनों की संख्या बढ़ गई है, जिससे दुर्घटना की संभावना भी बढ़ गई है। मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुर्घटना का मुख्य कारण क्या था।

Spread the love