अज्ञात वाहन ने बाईक सवार को कुचला

Ek Sandesh Live Road Accident

​ओरमांझी पुलिस की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचा घायल, थाना प्रभारी बोले-‘सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस’

MUSTFA

​मेसरा (रांची): रांची-रामगढ़ की मुख्य मार्ग पर ओरमांझी थाना क्षेत्र के भेड़ा पुल के समीप शनिवार रात करीब एक भीषण सड़क हादसा हुआ। रामगढ़ की ओर जा रहे एक बाईक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे ओरमांझी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान रांची के अपर चुटिया निवासी योगेंद्र मुंडा (32 वर्ष), पिता सुकरा मुंडा के रूप में हुई है। वह शनिवार रात अपनी बाईक से किसी काम के सिलसिले में रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान भेड़ा पुल के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

मामले की जानकारी देते हुए पु.नि. सह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक सड़क पर लहूलुहान स्थिति में पड़ा था। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे अपनी गाड़ी से तत्काल रिम्स अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने आगे कहा कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाईक को जब्त कर लिया है। टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी वाहन का पता लगा लिया जाएगा। पुलिस ने घायल के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। सूचना मिलते ही परिवार में घबराहट मच गया और वे रिम्स के लिए रवाना हो गए। इधर, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार काफी तेज होती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

Spread the love