मांडू/रामगढ़: मांडू चट्टी पंचायत स्थित नेवाड़ी तालाब का शुक्रवार को मांडू अंचलाधिकारी तृप्ति कुजूर ने निरीक्षण किया। इस दौरान मांडू विधायक प्रतिनिधि सह उपमुखिया पंकज कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान छठ महापर्व को लेकर तालाब में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि पंकज कुमार गुप्ता ने छठ पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तालाब परिसर में गोताखोरों की तैनाती एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था करने की मांग अंचलाधिकारी से की। इस पर अंचलाधिकारी तृप्ति कुजूर ने आश्वासन दिया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोर एवं मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विधायक प्रतिनिधि ने मांडू विधायक निर्मल महतो से नेवाड़ी छठ तालाब परिसर में मास्क लाइट लगाने की मांग भी की। इस पर विधायक निर्मल महतो ने आश्वासन दिया कि एक-दो दिनों के अंदर तालाब परिसर में लाइट लगा दी जाएगी, ताकि छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान रोशनी की समुचित सुविधा मिल सके।
