Eksandeshlive Desk
खूंटी : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश् पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार खूंटी की ओर से शनिवार को बिरसा कॉलेज ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और खूंटी न्याय मंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी उपस्थित थे। झालसा रांची की सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार, उपायुक्त आर रॉनिटा, पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, उप विकास आयुक्त श्याम नारायण राम, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, परियोजना निदेशक आइटीडीए आलोक शिकारी कच्छप समेत कई विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने विधिक जागरूकता और सशक्तीकरण के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह प्रयास लोगों को न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने नशा उन्मूलन, डायन प्रथा के खिलाफ जनजागरूकता, एनडीपीएस एक्ट, पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशा मुक्त झारखंड के संकल्प के तहत सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई और कहा कि केवल शपथ लेना पर्याप्त नहीं, इसे व्यवहार में भी लाना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर का उद्देश्य सुदूरवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीणों को मुख्य धारा से जोड़ना है। सभी गांवों को अपने निकटवर्ती प्रखंड कार्यालय में ही सरकारी जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति ने पिपरा टोली, सहयोग विलेज खूंटी स्थित ओल्ड एज होम में अटल क्लिनिक का ऑनलाइन उद्घाटन किया तथा वर्चुअल माध्यम से वहां रह रहे वृद्धजनों से संवाद किया। उन्होंने सिविल सर्जन को क्लिनिक में नियमित चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति संजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि कोई भी नागरिक न्याय से वंचित न रहे, यही हमारी प्राथमिकता है। झालसा सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना ने स्वागत भाषण में कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उपायुक्त आर रॉनिटा ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं पारदर्शी शासन के लिए जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत तीन सौ लाभुकों में 18 करोड़ 632 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इनमें सिलाई मशीन, साइकिल, छात्रवृत्ति, स्कूल बैग और किताब, स्वयं सहायता समूह की दीदियों को चेक, अबुआ आवास योजना के अंतर्गत गृह प्रवेश सामग्री, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, धोती-साड़ी, हरा राशन कार्ड, बकरी, गाय, ट्रैक्टर, ट्राई साइकिल, वृद्धावस्था, विधवा पेंशन, मत्स्य संपदा योजना, बीज वितरण, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, आर्थिक सहयोग इत्यादि शामिल हैंं। मौके पर अतिथियों ने वहां लगे विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिक से अधिक लाभुकों को सरकारी योजनाओं से जागरूक करने, उन्हें कानूनी परामर्श देने का निर्देश दिया गया।