झारखंड मुक्ति मोर्चा ने रांची निगम के बदहाली पर कसा शिकंजा

360° Ek Sandesh Live Politics


sunil
रांची : रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची से सांसद संजय सेठ द्वारा शुक्रवार को रांची नगर निगम की बदहाली को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ. तनुज खत्री ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि रांची नगर निगम को भाजपा के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और टकराव की राजनीति का गढ़ बना दिया गया था। मेयर और डिप्टी मेयर के बीच की खींचतान ने पूरे नगर निगम को पंगु बना दिया, जहां सिर्फ टेंडर मैनेजमेंट और कमीशनखोरी का खेल चलता रहा। आगे श्री खत्री ने कहा कि सी.पी. सिंह ने नगर विकास मंत्री रहते हुए रांची की ड्रेनेज व्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया, जिसका दंश आज तक रांची झेल रहा है। सी.पी. सिंह तो एक ही नाली का उद्घाटन दो से तीन बार करते नजर आए। रांची एक प्रमुख शैक्षणिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन भाजपा ने इसे इस कदर बदहाल बना दिया कि आज हल्की बारिश में भी रांची बाढ़ जैसी स्थिति में पहचाना जाने लगा है। यह भाजपा की नाकामी का सीधा प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि रांची की सड़कों पर बहता पानी और गड्ढों में तब्दील होती सड़कें इस बात की गवाही हैं कि भाजपा शासन में नगर प्रबंधन केवल नाम का था। जब भी बारिश में रांची की स्थिति बदतर होती है, संजय सेठ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करते हैं, जबकि वे स्वयं पिछले पाँच वर्षों से इस क्षेत्र के सांसद हैं। जनता अब बहाने नहीं, जवाबदेही चाहती है।