बिहार के लखीसराय में सड़क हादसा, पांच की मौत, चार की हालत नाजुक

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

पटना: बिहार में लखीसराय जिले के लखीसराय-जमुई मुख्य मार्ग के गुणसागर गांव के पास ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्चे समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुटे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पाकर तेतरहाट थाना पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेजा गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों में शामिल एक मासूम समेत कई लोगों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए स्कार्पियो में सवार सभी लोग पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के ढाका थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग मोतिहारी से झारखंड के देवघर की ओर जा रहे थे। इसी यात्रा के दौरान जब उनकी स्कार्पियो तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर गांव के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। तेतरहाट थानाध्यक्ष इलू उपाध्याय ने बताया कि स्कार्पियो सवार सभी लोग मोतिहारी से देवघर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग जख्मी हैं। मृतकों और घायलों के नाम एवं पते की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मृतकों तथा घायलों की पहचान कर ली गई है। इस भीषण हादसे में स्कार्पियो चालक तारीक आलम, बादल कुमार, राकेश गुप्ता, सुनीता देवी और पल्लवी देवी की मौत हो गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायलों में स्वीटी देवी, उज्जवल कुमार, मुन्ना कुमार और शेखर गुप्ता (एक मासूम समेत) शामिल हैं। फिलहाल तेतरहाट थाना पुलिस ने पांचों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। हादसे की खबर जैसे ही मोतिहारी के ढाका स्थित पीड़ित परिवारों तक पहुंची, वहां मातम और कोहराम मच गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है

Spread the love