प्रधानमंत्री मोदी ने रांची को दी 558 करोड़ की सौगात : संजय सेठ

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची : रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि रांची में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण एक सपना के पूरा होने जैसा है। रातू रोड सहित रांचीवासियों का यह सपना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पूरा कर दिया है। अब यह रांचीवासियों की जिम्मेदारी है कि इस कॉरिडोर को स्वच्छ और सुंदर बना कर रखें। उन्होंने कहा कि तीन जुलाई को ओटीसी ग्राउंड पर इसका लोकार्पण समारोह होगा। सेठ मंगलवार को अपने केंद्रीय कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अनुरोध किया कि 558 करोड़ की लागत वाली इस सौगात के लोकार्पण के अवसर पर नितिन गडकरी का ऐतिहासिक अभिनंदन करें। उन्होंने कहा कि तीन जुलाई को ओटीसी ग्राउंड में 11 बजे आयोजित लोकार्पण समारोह और जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें। उन्होंने कहा कि झारखंड में नगर निकायों में बिजली पर पांच फ़ीसदी सरचार्ज का प्रस्ताव तैयार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। झारखंड में तो ऐसा लग रहा है जैसे सरकार नगर निकायों से सिर्फ वसूली की मुहिम चला रही है। एक तरफ नगर निगम ने 39 करोड़ रूपया होल्डिंग टैक्स हासिल कर लिया है और दूसरी तरफ फिर से पांच फ़ीसदी सरचार्ज लेने की तैयारी है।

सेठ ने कहा कि यह समझ से परे है कि आखिर सरकार जनता से सिर्फ वसूली क्यों करना चाहती है? प्रशासनिक अधिकारी कभी इन मुद्दों पर क्यों नहीं सोचते? बरसात की पहली बारिश में ही रांची की जो स्थिति हुई वह पूरे राज्य ने देखा। आज भी रांची के कई मोहल्ले में पानी जमा है। सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। सड़क सुरंगनुमा हो चुकी है। हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हर मोहल्ले में पाइप बिछाने के नाम पर गड्ढे खोद दिए गए हैं। नागरिकों को नगर निकाय क्षेत्र के नाम पर कोई सुविधा मुहैया नहीं कराई जा रही है। राजधानी की इस बदतर स्थिति का जिम्मेदार पूरी तरह से नगर निगम है। इन सब चीजों में सुधार की बजाय सिर्फ वसूली पर ध्यान देना जनता का शोषण है। उन्होंने अविलंब शासन-प्रशासन से बिजली सरचार्ज के इस प्रस्ताव को वापस लेने की मांग की। वह जनहित के कार्यों पर ध्यान लगाए। इस दौरान विधायक सीपी सिंह ने कहा कि पाइप लगाने के नाम पर, सिवरेज ड्रेन के नाम पर सड़क को बर्बाद कर दिया गया है। विधानसभा में सवाल उठाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। नवीन जायसवाल ने कहा कि वर्षों से रातू रोड के लोग जाम से जूझ रहे थे, नितिन गडकरी जी के आशीर्वाद से जाम मुक्त रांची और रातू रोड होगा। राज्य सरकार ने रांची शहर के लोगों को भगवान के भरोसे छोड़ दिया है। नगर निगम नरक निगम में तब्दील हो चुका है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ग्रामीण भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज महतो, मांडर से भाजपा प्रत्याशी सन्नी टोप्पो भी मौजूद रहे।

Spread the love