Eksandeshlive Desk
रांची : रांची के अपर बाजार स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर एक मजदूर की शनिवार को मौत हो गई। मृतक मजदूर बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से में काम कर रहा था। तभी अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गया। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और बिल्डिंग में मौजूद अन्य मजदूर तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर आदिकांत महतो ने बताया कि एक मजदूर के गिरने से मौत हुई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। बहरहाल इस घटना ने एक बार पुन: निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।
