कोलकाता और ग्वालियर हादसों ने देश को झकझोरा : विजय शंकर नायक

Politics

श्रद्धालुओं की मौत बेहद पीड़ादायक, मृतकों के परिजनों को मिले तत्काल राहत और उचित मुआवजा

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत तथा मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के समीप बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई श्रद्धालुओं की मृत्यु की खबर पर गहरा दुख और शोक व्यक्त किया है। विजय शंकर नायक ने कहा कि त्योहार और आस्था के अवसर पर श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की दर्दनाक दुर्घटनाएं बेहद हृदयविदारक और चिंताजनक हैं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दर्द की भरपाई किसी भी कीमत से नहीं की जा सकती।

नायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं।उन्होंने हादसों में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए संबंधित राज्य सरकारों से घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे हादसों की निष्पक्ष जांच कर दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में धार्मिक आयोजनों और श्रद्धास्थलों पर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं संबंधित राज्य सरकारों से मृतकों के आश्रितों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा और घायलों को समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

Spread the love