मायके वालों ने पति पर हत्या का मामला दर्ज कराया
Mustafa Ansari
Ranchi : बीआईटी मेसरा थाना क्षेत्र के केदल पंचायत स्थित हुंबई पंडरिया टोला निसासी साहेबराम महतो की बहु भारती कुमारी की बुधवार देर रात चक्रधरपुर में संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। वह चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में शिशु कुपोषण निवारण केंद्र में पोषाहार विशेषज्ञ के पद पर कार्यरत थी। उसका शव घर में संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। वह चक्रधरपुर की गैलन भट्ठी में किराए के घर में पति पुरुषोत्तम महतो के साथ रहती थी। पति पुरुषोत्तम महतो ने बताया कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
वहीं,भारती के मायके वालों ने पति पर ही हत्या करने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार भारती और पुरुषोत्तम की शादी डेढ़ साल पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन था। 30 जुलाई को रोज की तरह अस्पताल में ड्यूटी कर भारती अपने घर के लिए निकली थी। भारती की बड़ी बहन नीलम ने बताया कि भारती के पति ने उसे बुधवार देर रात को कॉल कर जानकारी दी कि उसकी बहन कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। इस सूचना पर वह भागे-भागे उसके घर पहुंची। देखा कि उसका पति कमरे से बाहर निकला और बताया कि भारती ने फांसी लगा ली है। पति ने फंदे को खोलकर भारती को नीचे उतारा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। बड़ी बहन नीलम ने बताया कि भारती आत्महत्या नहीं कर सकती। उसका पति उसे काफी परेशान करता था। बुधवार शाम को भारती का पति के साथ झगड़ा हुआ था। यह बात भारती के मोबाइल के व्हाट्स एप चैट पर देखने से पता चला। पति को भेजे गए चैट में भारती ने बहुत दूर जाने की बात लिखी थी। लिखा था कि अब फ्री हो जाइएगा मेरे से हमेशा के लिए।
नर्स के भाई हत्या का मामला दर्ज कराया: नर्स के भाई आशीष कुमार महतो ने चक्रधरपुर थाना में पति पर मारपीट कर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। बूटी से 15 लोगों का दल घटना स्थल पर जाकर जांच की,जांच में पाया गया कि घर में फोल्डिंग बेड था। और एक प्लास्टिक का कुर्सी था। लड़की की ऊंचाई मात्र चार फीट था। देखने से आत्म हत्या नहीं लग रहा था। किचन में खाना बनाने की तैयारी की गई थी। जांच दल में संजय महतो,आनंद गोप,तेजनाथ महतो,रवि उरांव,मुकेश महतो,आशीष महतो के अलावे अन्य शामिल थे।
शनिवार को बूटी मोड़ में चार बजे शाम कैंडल मार्च: न्याय दिलाने को लेकर बीआईटी व बूटी की ग्रामीण महिलाओं का समूह के द्वारा शाम चार बजे कैंडल मार्च निकाल जाएगा। यह जानकारी संजय कुमार महतो ने दी।