Eksandeshlive Desk
पलामू : गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को पलामू के मेदिनीनगर सेंट्रल जेल से शनिवार को साहिबगंज जेल में स्थानांतरित कर दिया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे शनिवार को पलामू से साहिबगंज ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि जेल आईजी ने इस संबंध में निर्देश जारी किया था। इसके बाद से उसके स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी थी। जेल अधीक्षक भागीरथ करजी ने इसकी पुष्टि की है। सुजीत सिन्हा मेदिनीनगर के रेड़मा का निवासी है और उसके गिरोह के दर्जनों सक्रिय सदस्य क्षेत्र में मौजूद हैं। इसी के मद्देनजर, पलामू के डीआईजी और सेंट्रल जेल के अधीक्षक ने मुख्यालय को विधि व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें सुजीत सिन्हा को पलामू जेल से हटाने की मांग की गई थी।
सुजीत सिन्हा के मामलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी कर रही : जेल आईजी के आदेश में कहा गया है कि बंदी सुजीत सिन्हा को प्रशासनिक दृष्टिकोण से केंद्रीय कारा मेदिनीनगर, पलामू से साहिबगंज मंडल कारा में स्थानांतरित करने की अनुमति दी जाती है। जेल आईजी ने पलामू के डीसी, एसपी और जेल अधीक्षक को स्थानांतरण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा को इसी साल 10 अगस्त को चाईबासा जेल से पलामू की जेल में लाया गया था। उसपर राज्य के कई जिलों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। सुजीत सिन्हा के मामलों की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी कर रही है। उस पर रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू सहित कई जिलों में मामले दर्ज हैं।
