गुरु नानक देव जी ने सम्पूर्ण मानव समाज को सत्य, करुणा, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया: राज्यपाल

Religious

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव के अवसर पर रांची स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल, पीपी. कंपाउंड जाकर मत्था टेका। उन्होंने वहां कीर्तन कार्यक्रम में भाग लेते हुए गुरुबाणी का श्रवण किया तथा श्रद्धालुओं से भेंट की और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने पूरे मानव समाज को सत्य, करुणा, सेवा, समानता और सद्भाव का महान संदेश दिया। उनके उपदेश मानवता के मार्ग पर चलने और आपसी प्रेम तथा भाईचारे को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी की शिक्षा को अपने विचार और जीवन व्यवहार में आत्मसात करने का आह्वान किया।

राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा की समस्त देशवीसियों और राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर बुधवार को लिखा कि सभी को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई। उन्होंने समस्त देशवासियों और झारखंडवासियों को पावन पर्व देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा की भी शुभकामनाए दीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सेवा, सत्य, मानवता, समानता और करुणा की शिक्षा देने वाले श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर सभी को लख-लख बधाइयां दी है। साथ ही कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और जोहार कहा है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि आप सभी का जीवन समृद्ध, स्वस्थ और खुशहाल हो, यही कामना करता हूं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने देव दीपावली एवं कार्तिक पूर्णिमा की भी समस्त देशवासियों और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

Spread the love