जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी राज्य की सर्वश्रेष्ठ बैंड टीम बनी

Education

Eksandeshlive Desk

खूंटी : खेलो झारखंड के तहत आयोजित राज्य स्तरीय अंतर विद्यालय बैंड प्रतियोगिता में जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी ने एक बार फिर अपना वर्चस्व स्थापित करते हुए राज्य की सर्वश्रेष्ठ बैंड टीम का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन 7 नवंबर को खेलगांव परिसर में हुआ, जिसमें पूरे राज्य से कुल 39 बैंड टीमों ने भाग लिया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक चंद्र देव सिंह ने शनिवार को बताया कि ब्रास बैंड बालिका वर्ग में जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 74 अंक प्राप्त किए और प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य की सर्वश्रेष्ठ बैंड टीम बनी।

इसके साथ ही विद्यालय ने आगामी जोनल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर राज्य का प्रतिनिधित्व करने का गौरव भी हासिल किया। उल्लेखनीय है कि विद्यालय ने वर्ष 2024-25 में भी इसी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और इस वर्ष लगातार दूसरी बार विजेता बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अन्य वर्गों में भी विभिन्न विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ब्रास बैंड बालक वर्ग में संत जेवियर स्कूल, लुपुंग गुट्टू (पश्चिमी सिंहभूम) ने 53 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं पाइप बैंड बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, रांची ने 69 अंक के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। पाइप बैंड बालक वर्ग में करेली स्कूल धुर्वा, रांची ने 63 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ये सभी चारों टीमें जोनल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुई हैं।

पाइप बैंड बालक वर्ग में खूंटी जिले के नेताजी सुभाषचंद्र बोस विद्यालय ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जिससे जिले का गौरव और बढ़ा। विद्यालयों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खूंटी की उपायुक्त आर. रॉनिटा, उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी अपरूपा पाल चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक अभय कुमार शील सहित विभिन्न पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं जिला खेल कोषांग के सदस्यों ने दोनों विद्यालयों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Spread the love