रोहित शर्मा ने रांची में रचा इतिहास, वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का बनाया नया विश्व रिकॉर्ड

Sports

Eksandeshlive Desk

रांची : रांची में खेले जा रहे पहले वनडे मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 350 रनों का लक्ष्य रखा है। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 18 ओवर में 4 विकेट खोकर 108 रन बना लिए हैं। भारतीय पारी के दौरान विराट कोहली 135 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 349 रन बनाए। विरोट कोहली 120 गेंदों पर 135 रन बनाकर नांडे बर्गर की गेंद पर रिकेल्टन को कैच दे बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 7 छक्के और 11 चौके लगाए। कोहली के अलावा रोहित शर्मा और केएल राहुल ने अर्धशतक लगाया। रोहित शर्मा ने 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक बार फिर अपने बल्ले से इतिहास लिख दिया। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में रोहित ने तीन तूफानी छक्के लगाकर वनडे इतिहास का सबसे ज्यादा छक्का मारने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित अब वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 352 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह रिकॉर्ड लंबे समय से पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम था, जिन्होंने 398 मैचों में 351 छक्के जड़े थे, लेकिन रांची की धरती पर रोहित ने यह मुकाम अपने अंदाज में ऊंचे और सीधी टाइमिंग वाले शॉट्स की बदौलत हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय मैचों में 20,000 रन पूरे करने से सिर्फ 61 रन दूर : रोहित शर्मा के इंटरनेशनल आंकड़े भी अब एक नए मील के पत्थर की ओर बढ़ रहे हैं। 503 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 19,959 रन बनाने वाले रोहित अब 20,000 रन पूरे करने से सिर्फ 61 रन दूर हैं। उनसे पहले भारत के लिए यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ हासिल कर चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोहित के बल्ले की धमक हमेशा खास रही है। अब तक इस टीम के खिलाफ उन्होंने 56 मैचों में 61 छक्के ठोके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों देशों के बीच सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड फिलहाल डेविड वॉर्नर (64) के नाम है। अगले मैच में सिर्फ चार छक्के लगाकर रोहित इस रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर सकते हैं। भारतीय सरजमीं पर रोहित का प्रदर्शन हमेशा बेहतरीन रहा है। अभी तक वे देश में खेले गए 95 एक दिवसीय मुकाबले में 4924 रन बना चुके हैं। अगर वे अगले मुकाबले में 76 रन और जोड़ते हैं, तो घरेलू मैदान पर 5000 वनडे रन पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। पहले वनडे में रोहित पूरी लय में दिखाई दिए। उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से शानदार 57 रन बनाए और रांची की भीगी-भीगी ठंडी शाम में दर्शकों को गर्मजोशी से झूमने पर मजबूर कर दिया।

Spread the love