झारखंड में बढ़ेगी ठंड, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में राज्य भर में ठंड और बढ़ सकती है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है, जिससे कनकनी और तेज हो जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से पछुआ हवाएं बंगाल की खाड़ी की तरफ एक और निम्न दबाव का क्षेत्र तैयार कर रही हैं। इन हवाओं के कारण उत्तर भारत की ठंडी हवा झारखंड तक पहुंच रही है, जिससे तापमान में गिरावट हो रही है।

पिछले 24 घंटों में झारखंड में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 29 डिग्री, जबकि सबसे कम गुमला में 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। झारखंड के विभिन्न जिलों में सोमवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम 26.1 और न्यूनतम 10.6 डिग्री, डालटेनगंज में 27.3 और 7.3 डिग्री, बोकारो में 23.1 और 9.5 डिग्री, चाईबासा में 29 और 10.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं, खूंटी में अधिकतम 25.9 और न्यूनतम 6.2 डिग्री, लोहरदगा में 24.8 और 10.7 डिग्री, जबकि लातेहार में अधिकतम तापमान 20.4 और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा, लेकिन पूरे दिन मध्यम ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया। शाम होते-होते ठंड और बढ़ गई तथा सिहरन तेज महसूस की गई।

Spread the love