सुनिल कुमार
साहिबगंज: जिले में शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की गई है। साहिबगंज प्रखंड सार्वजनिक पुस्तकालय के सुचारु संचालन, प्रभावी प्रबंधन एवं दीर्घकालिक उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुस्तकालय प्रबंधन समिति का गठन कर दिया गया है। यह पुस्तकालय जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के वित्तीय सहयोग से निर्मित किया गया है, जिसका संचालन अब सरकार एवं समुदाय के संयुक्त प्रयास से किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कि अध्यक्षता में एक आम सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों, शिक्षाविदों, युवाओं एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही। आम सभा के माध्यम से सर्वसम्मति से साहिबगंज प्रखंड पुस्तकालय प्रबंधन समिति के सदस्यों का नामांकन किया गया।
समिति का उद्देश्य पुस्तकालय को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर उसे ज्ञान, संवाद एवं नवाचार का एक जीवंत केंद्र के रूप में विकसित करना है। शिक्षा का विस्तार केवल विद्यालयों एवं महाविद्यालयों तक सीमित न रहे, बल्कि समुदाय आधारित संस्थानों के माध्यम से प्रत्येक आयु वर्ग तक पहुँचे सार्वजनिक पुस्तकालय युवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं सामान्य पाठकों के लिए एक सुरक्षित, समावेशी एवं प्रेरणादायी वातावरण प्रदान करते हैं। इसी सोच के अनुरूप डीएमएफटी जैसे संसाधनों का उपयोग टिकाऊ एवं सुदृढ़ शैक्षणिक अवसंरचना के निर्माण में किया जा रहा है।
