Eksandeshlive Desk
धनबाद: धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बंटी खान फर्जी दस्तावेजों के सहारे दुबई भागने की तैयारी में था। गिरफ्तारी के बाद धनबाद लाए जाने पर पुलिस ने उसका सड़क पर परेड कराया। इस दौरान वासेपुर में कुछ लोगों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे सुरक्षित वहां से निकाल लिया। पुलिस के अनुसार, बंटी खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। गुप्त सूचना मिली थी कि वह कोलकाता में छिपा हुआ है और अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई भागने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद धनबाद पुलिस की विशेष टीम कोलकाता भेजी गई। पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में उसके पास से वैध पासपोर्ट के अलावा फर्जी पासपोर्ट और वीजा भी बरामद किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज किसने उपलब्ध कराए और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।धनबाद लाए जाने के बाद पुलिस ने बंटी खान को हथकड़ी लगाकर और कमर में कानून का रस्सा बांधकर सड़क पर परेड कराई। उसके साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी चल रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए कुछ देर के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोगों ने वाहन रोककर कार्रवाई देखी। जब पुलिस बंटी खान को लेकर वासेपुर पहुंची तो वहां कुछ लोगों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर उसे भीड़ से बचाया और अपने साथ ले गई। धनबाद के नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ऋत्विक श्रीवास्तव ने बैंक मोड़ थाना में बंटी खान की गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वह कोलकाता से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए विदेश भागने की फिराक में है। इसके बाद विशेष टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले प्रिंस खान गिरोह के मुख्य गुर्गे मेजर उर्फ सैफी को भी कोलकाता एयरपोर्ट से दुबई भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किया गया था। सिटी एसपी ने कहा कि बंटी खान से पूछताछ में गिरोह के रंगदारी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और विदेश में सक्रिय सदस्यों के संबंध में अहम जानकारी मिल सकती है। पुलिस फर्जी पासपोर्ट और वीजा से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है। बंटी खान को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।
