छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ी, सदर अस्पताल में भर्ती

Politics

Eksandeshlive Desk

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ लंबे समय से आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो की सोमवार को तबीयत बिगड़ गई। उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया गया कि देवेंद्र नाथ महतो को तेज बुखार, लगातार दस्त, उल्टी और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत है। चिकित्सकों ने आवश्यक जांच शुरू कर दी है और उपचार किया जा रहा है।

देवेंद्र नाथ महतो ने जेपीएससी-जेएसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राज्यव्यापी अनशन, धरना-प्रदर्शन और 24 जिलों की भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा में हिस्सा लिया है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। महतो ने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता नहीं करने की अपील की है। उन्होंने शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सभी से आशीर्वाद बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था तथा झारखंड के भविष्य के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Spread the love