SUNIL KUMAR
बरहरवा/साहिबगंज: कोटालपोखर पंचायत भवन परिसर में शीघ्र ही सुपर मार्केट विवाह भवन का निर्माण किया जाएगा। इस आशय की जानकारी जिला परिषद सदस्य प्रकाश टोप्पो ने पंचायत भवन परिसर का स्थल निरीक्षण करने के दौरान दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सुविधा के साथ-साथ पंचायत की आय में वृद्धि को ध्यान में रखते हुए यह महत्वाकांक्षी योजना तैयार की गई है। प्रस्तावित भवन के निर्माण को लेकर जल्द ही ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभा से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य से संबंधित सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं प्रारंभ की जाएंगी। प्रकाश टोप्पो ने कहा कि इस योजना के पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं क्षेत्र में सामाजिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सुपर मार्केट विवाह भवन बनने से ग्रामीणों को विवाह, सामाजिक कार्यक्रम एवं खरीदारी जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। स्थल निरीक्षण के दौरान कोटालपोखर पंचायत समिति सदस्य रंजीत कुमार साहा, कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष रंजीत भंडारी, युवा कांग्रेस पंचायत अध्यक्ष समीम मंसूरी, मदन पांडे, शंकर साह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थें।
