Reporting by Mustaffa
नितेश और मैरीलता के सिर सजा ताज
मेसरा (रांची): बीआईटी मोड़ केदल स्थित मनरखन महतो बीएड कॉलेज के कैंपस में शनिवार को उत्साह,उमंग और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। मौका था सत्र 2025-27 के एमएड,बीएड और डीएलएड के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का। रंग-बिरंगी रोशनी और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच नए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम का आगाज अध्यक्ष मनरखन महतो ने दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ किया। इसके बाद मंच पर सुरों और ताल का ऐसा जादू बिखरा कि हर कोई झूम उठा। विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक समूह नृत्य,एकल गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा ‘रैंप वॉक’, जहाँ आत्मविश्वास के साथ कदमताल करते हुए बीएड के नितेश मुंडा को ‘मिस्टर फ्रेशर’ और एमएड की मैरीलता हेमरोम को ‘मिस फ्रेशर’ के खिताब से नवाजा गया।
“अनुशासन के साथ छुएं सफलता का शिखर” संस्थान के अध्यक्ष मनरखन महतो ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा,”ऐसे आयोजन केवल मनोरंजन नहीं,बल्कि आपके भीतर छिपे आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को जगाने का माध्यम हैं।” वहीं,निदेशक मनोज कुमार महतो ने सर्वांगीण विकास में सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के महत्व पर जोर दिया। प्राचार्य डॉ. दूधेश्वर महतो ने कॉलेज के नियमों का पाठ पढ़ाते हुए छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का मंत्र दिया। मौके पर ट्रस्टी विरेन्द्रनाथ ओहदार,खुशबू सिंह,कृति काजल,प्रबंधक मुकेश कुमार,प्रशासिका मीना कुमारी,पूनम कुमारी सहित कॉलेज के सभी व्याख्याता एवं कर्मचारी मौजूद थे।
