झारखंड के पांच जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी

360°

Eksandeshlive Desk

रांची : झारखंड के पांच जिलों में शनिवार को तेज बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य के मध्यवर्ती जिलों रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग और बोकारो में बारिश के साथ ओलावृष्टि और वज्रपात होने की संभावना है। विभाग ने शुक्रवार को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 43.8 मिलीमीटर बारिश हजारीबाग जिले के कोनार डीवीसी क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा राज्य के कई अन्य इलाकों में भी मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची के कांके क्षेत्र में 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, हालांकि बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहे। मौसम साफ होने के कारण दोपहर के समय लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। तापमान की बात करें तो शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 35.1 डिग्री और न्यूनतम 21.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.7 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Spread the love