बंद मकान से मिला युवक का सड़ा-गला शव, जांच में जुटी पुलिस

360° Crime Ek Sandesh Live In Depth

ASHOK DWIVEDI

रांची। नामकुम थाना क्षेत्र स्थित तेतरी टोली के एक बंद मकान में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के भीतर से आ रही असहनीय दुर्गंध की शिकायत पर पुलिस ने दरवाजा खुलवाया। कमरे के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। वहां एक युवक का शव फंदे से लटक रहा था। यह काफी गल चुका था। पुलिस की शुरूआती जांच के मुताबिक, युवक की मौत करीब 10 से 12 दिन पहले ही हो चुकी थी। लंबे समय से बंद पड़े इस घर के आसपास रहने वाले लोगों को जब तेज बदबू महसूस हुई, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी नामकुम थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बंद दरवाजा खोला गया। घर में कोई नहीं रहता है। कमरे की हालत देख पुलिस ने तुरंत क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
मृतक की शिनाख्त बनी बड़ी चुनौती
नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट है कि घटना लगभग डेढ़ सप्ताह पुरानी है। प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। लेकिन मृतक कौन है व इस बंद घर में कैसे पहुंचा, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस की पहली प्राथमिकता युवक की पहचान सुनिश्चित करना है। इसके लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है व मकान मालिक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले को केवल आत्महत्या मानकर नहीं चल रही है, बल्कि हत्या या किसी अन्य साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए भी पड़ताल कर रही है। घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम को बुलाया गया, जिसने कमरे से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।
लापता लोगों की सूची से हो रहा मिलान
मृतक का सुराग पाने के लिए रांची व आसपास के थानों में पिछले दो हफ्तों के दौरान दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट्स खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह व समय की सटीक पुष्टि हो सकेगी।

Spread the love