SUNIL KUMAR
साहिबगंज: जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस (13071) में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले गिरोह का रेल पुलिस ने खुलासा किया है। ट्रेन में 9 और 10 नवंबर की रात हुई चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं की जांच के बाद जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक पीड़िता का चोरी हुआ सामान भी बरामद किया गया है। हालांकि, गिरोह का मुख्य सरगना समेत अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरी की तीनों वारदातें ट्रेन के कोच संख्या ए -1 और ए-8 में हुई थीं। इस दौरान हावड़ा निवासी श्रुति मिश्रा, कोलकाता के ठाकुरपुकुर निवासी जीना मुखर्जी और मुंगेर के बतियारपुर निवासी तनुजा ज्योति को चोरों ने निशाना बनाया था। यात्रियों के कीमती सामान चोरी कर आरोपी फरार हो गए थे।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों घटनाओं को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया था। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से पीड़िता जीना मुखर्जी का चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया गया।
वहीं, श्रुति मिश्रा का सामान लेकर फरार हुआ गिरोह का मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गिरोह की पहचान की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
रेल पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच जीआरपी और आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
