डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन के दौरान पात्र भारतीय नागरिकों से दस्तावेज प्राप्त करने व आवश्यकतानुसार दस्तावेज निर्गत कराने का दिया निर्देश
रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार ने गुरूवार को सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर एसआईआर के तहत मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि फील्ड वेरिफिकेशन के क्रम में यह पाया गया है कि अभी भी कई ऐसे पात्र भारतीय नागरिक हैं, जिन्होंने मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित नहीं कराया है। वहीं, ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल ऐसे भी कई मतदाता हैं, जिन्हें दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन उनके द्वारा अब तक आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे मतदाताओं की सूची एक और अवसर कैंप में भी प्रदर्शित की गई थी। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित मतदाताओं का डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन करते हुए उनसे आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएं। साथ ही, जिन पात्र भारतीय नागरिकों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके मामले में नियमानुसार सक्षम पदाधिकारी के स्तर से दस्तावेज निर्गत कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग वैसे मतदाता जिनका किसी कारणवश एएसडीडी सूची में नाम आ गया उनके लिए आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं को एक बार दोबारा इन्यूमरेशन फॉर्म भरने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। सभी जिलों में इस सूची के मतदाताओं से एक बार पुन: संपर्क कर इन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने का प्रयास किया जाए जिससे कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों को पर्याप्त अवसर प्राप्त हो सके इस हेतु राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के लिए अतिरिक्त समयावधि विस्तार करते हुए इसका अंतिम प्रकाशन 22 दिसम्बर किया गया है। पदाधिकारी इस अतिरिक्त समयावधि का लाभ उठाते हुए प्रत्येक घर व प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिकों तक अपना पहुंच बनाएं व यह भी सुनिश्चित करें कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के एक भी मतदाता का नाम बिना डोर टू डोर वेरिफिकेशन व निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के सकारण आदेश पारित किए अंतिम मतदाता सूची से विलोपित किया जाए। इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
