Reports By Mustaffa
मेसरा/ओरमांझी : एनएच-20 (रांची-रामगढ़ मार्ग) पर ओरमांझी के पास गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जिसे इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार,रामगढ़ से रांची की ओर जा रहे एक ट्रेलर का ओरमांझी के समीप टायर पंचर हो गया था। चालक ने ट्रेलर को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलवाया और इसके बाद हाथ-मुंह धोने लगा। इसी दौरान रांची से रामगढ़ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने संतुलन खो दिया और खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चालक आकाश कुमार केबिन के भीतर बुरी तरह फंस गया। हादसे में पुरुषोत्तम नारायण भी घायल हो गए। घायल पुरुषोत्तम ने बताया कि वे बिहार से घरेलू सामान लेकर नामकुम जा रहे थे। वहीं,दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को तुरंत एंबुलेंस से रिम्स भेजा गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण एनएच-20 पर कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा और जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस फरार ट्रेलर की तलाश और मामले की छानबीन में जुटी है।
