13 माइल में फिर भिड़े दो तेल टैंकर, भीषण टक्कर में एक का केबिन क्षतिग्रस्त

360°


बड़कागांव। बड़कागांव के 13 माइल स्थित एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड के समीप सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को एक बार फिर दो इंडियन आॅयल के टैंकरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दोनों टैंकरों के नंबर जेएच 10 सीके 0494 व जेएच 10 सीक्यू 5137 बताए गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे चल रहे टैंकर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि दोनों टैंकरों में पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ होने के बावजूद आग नहीं लगी। यदि टैंकरों में आग लग जाती तो आसपास के इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था व जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका थी।

बड़ी दुर्घटना से पहले सुरक्षा उपाय करने की अपील
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर गुरुवार को भी एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। लगातार दो दिनों से हो रही दुर्घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि 13 माइल के आसपास सड़क पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन व संबंधित विभाग से दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कराने, सड़क पर आवश्यक संकेतक, चेतावनी बोर्ड व सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का सवाल है कि आखिर लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे व किसी बड़ी त्रासदी से पहले सुरक्षा के ठोस कदम कब उठाए जाएंगे

Spread the love