झामुमो नेता पर शादी का झांसा देकर महिला से दो साल तक शारीरिक शोषण का आरोप, प्राथमिकी दर्ज

Crime

झामुमो जिला संगठन महामंत्री विनोद चौधरी ने कहा-उसके खिलाफ गहरी साजिश रची गई है

Eksandeshlive Desk

रामगढ़: शहर के राधा कृष्ण होटल के मालिक सह झामुमो जिला संगठन महामंत्री विनोद चौधरी पर भी तीन बच्चों की मां को नौकरी और शादी का प्रलोभन देकर दो साल तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। जब दोनों के बीच अनबन हुई तो मामला थाने पहुंचा। पीड़िता रीना देवी ने रामगढ़ थाने में विनोद चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। रीना मूल रूप से हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरसिंह स्थान बनहा की रहने वाली है। उसने बताया कि ढाई वर्ष पूर्व रामगढ़ थाना चौक स्थित राधा कृष्ण होटल के मालिक विनोद चौधरी उसके घर आया था। पहले उसने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया। साथ ही उसके तीन बच्चों की जिम्मेदारी भी उठाने का भरोसा दिलाया।

पीड़िता ने बताया कि विनोद चौधरी उसे हजारीबाग से रामगढ़ ले आया। इस बीच नौकरी और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाने के साथ-साथ शादी करने का भी उसने वादा किया। लगभग दो वर्षों तक वह उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब भी रीना देवी ने शादी करने और बच्चों की जिम्मेदारी निभाने को लेकर दबाव की दिया, विनोद चौधरी बहाने बनाकर उसे टाल देता था। कई बार उसने जमीन खरीदने और घर बनवा देने का भी प्रलोभन दिया। रामगढ़ के अलावा सांडी, कुजू, कैथा में अलग-अलग स्थान पर किराए के मकान पर भी उसे रखा। विनोद चौधरी इस बीच अपने घर से उसके पास आता था और शारीरिक संबंध बनाता था। विनोद ने कई बार पीड़िता के रूम का किराया और बच्चों का खर्चा भी दिया। साथ ही दोनों बेटियों की शादी करवाने की जिम्मेदारी भी उसने ली। लेकिन उसने कोई भी वादा नहीं निभाया। अब जब रीना देवी ने उस पर दबाव बनाना शुरू किया तो विनोद चौधरी ने उसके साथ और उसके बच्चों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।

रीना देवी ने पुलिस को बताया कि विनोद ने 24 जून 2024 को एक झूठी शादी भी रामगढ़ के एक मंदिर में रचाई थी। लेकिन उसने उस वादे को भी नहीं निभाया। 13 नवंबर 2026 को विनोद चौधरी अपने साथ कौशल्या देवी और दो अन्य महिलाओं को लेकर उसके घर हजारीबाग पहुंचा। उसे जान से मारने की मंशा से वे लोग उसके घर पहुंचे थे। रीना देवी अपने घर पर नहीं थी, जिसकी वजह से उसकी जान बच सकी। उसने बताया कि उसके पास अब कोई पैसा भी नहीं है। वह अपने घर का सामान और जेवर बेचकर अपना खर्चा चला रही है। रामगढ़ पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज किया है और पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं मामले में झामुमो जिला संगठन महामंत्री विनोद चौधरी ने बताया कि उसके खिलाफ गहरी साजिश रची गई है। उन्होंने बताया कि रीना देवी उनके होटल में नौकरी करने आई थी। उसके रहने, खाने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उन्होंने उठाया था। लेकिन अब वही महिला उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि महिला के खिलाफ उन्होंने पहले भी पुलिस अधिकारियों और कुजू ओपी में आवेदन दिया है। मामले की जांच चल रही है। इससे पहले हजारीबाग पुलिस भी इस मामले की जांच कर चुकी है।

Spread the love