अब मुख्यालय के चक्कर नहीं, आपके क्षेत्र में ही मिलेंगी नगर निगम की सेवाएं

360°

शहर के हर हिस्से में डेडीकेटेड सर्किल ऑफिस विकसित करने की पहल, नगर आयुक्त ने 7 स्थलों का किया निरीक्षण

Eksandeshlive Desk

रांची : नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों को नगर निगम की सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने एक महत्वपूर्ण एवं नागरिक-केंद्रित पहल की है। अब शहर के दूर-दराज क्षेत्रों से नागरिकों को छोटी-छोटी नगर निगम सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय, कचहरी का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। रांची शहर के अलग-अलग हिस्सों में डेडीकेटेड सर्किल ऑफिस विकसित किए जाएंगे, जहां नागरिक अपने नजदीकी केंद्र पर पहुंचकर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। इसी उद्देश्य से शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर संभावित सर्किल ऑफिस के लिए उपलब्ध भवनों एवं स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड संख्या-21 बड़ा तालाब के निकट, वार्ड संख्या-32 पंडरा, वार्ड संख्या-06 बांधगाड़ी, वार्ड संख्या-42 धुर्वा निर्वाचन कार्यालय के समीप, वार्ड संख्या-41 शाखा मैदान धुर्वा तथा वार्ड संख्या-52 नायक टोली, हटिया स्थित निगम/सरकारी भवनों का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या-44 स्थित डोरंडा अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां पूर्व से ही निगम की विभिन्न सेवाएं नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी चिन्हित भवनों को नागरिकों के लिए सुविधाजनक एवं उपयोगी सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भवनों की मरम्मती, रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, बिजली, पानी, शौचालय, टेबल-कुर्सी, कंप्यूटर सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों के लिए भवनों के बाहर शेड एवं प्रतीक्षास्थल विकसित करने को कहा, ताकि सेवा लेने आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

विभिन्न स्थलों के लिए दिए गए विशेष निर्देश: वार्ड-21, बड़ा तालाब: निगम भवन में रंग-रोगन, सिविल वर्क्स, पेड़ों की छंटाई, शौचालय एवं सीढ़ियों की मरम्मती कराने का निर्देश। वार्ड-32, पंडरा: निगम भवन में रंग-रोगन, आसपास की घास की कटाई तथा पेवर ब्लॉक सहित आवश्यक कार्य कराने का निर्देश। वार्ड-06, बांधगाड़ी: भवन की मरम्मती तथा आसपास की भूमि का समतलीकरण कराने का निर्देश। वार्ड-42, धुर्वा: निर्वाचन कार्यालय के समीप स्थित सरकारी भवन की व्यापक सफाई एवं रंग-रोगन कराने का निर्देश, ताकि अधिक आबादी वाले इस क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके। वार्ड-41, शाखा मैदान, धुर्वा: भवन के आसपास घास की कटाई एवं आवश्यक मरम्मती कराने का निर्देश। साथ ही आसपास उपलब्ध खाली भूमि पर कम्युनिटी टॉयलेट एवं अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। वार्ड-52, नायक टोली, हटिया: निगम भवन में नागरिक सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश। वार्ड-44, डोरंडा अंचल कार्यालय: आवश्यक मरम्मती एवं व्यवस्थाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया गया।

“एक ही जगह, कई नगर निगम सेवाओं का लाभ”: प्रस्तावित सर्किल ऑफिस के माध्यम से नागरिकों को उनके क्षेत्र के नजदीक ही निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें जन्म-मृत्यु निबंधन, होल्डिंग एवं जलकर भुगतान/आवेदन, ट्रेड लाइसेंस से संबंधित आवेदन/भुगतान/अनुज्ञप्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन, सिविल वर्क्स से जुड़ी शिकायतें सहित निगम स्तर की अन्य नागरिक सेवाएं शामिल होंगी।

नगर आयुक्त ने कहा: नगर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान में रांची के अलग-अलग क्षेत्रों से नागरिकों को नगर निगम की सेवाओं के लिए निगम मुख्यालय, कचहरी आना पड़ता है। इससे उनका समय, श्रम और आने-जाने का खर्च बढ़ता है तथा निगम मुख्यालय में अनावश्यक भीड़ भी होती है। शहर के विभिन्न हिस्सों में सर्किल ऑफिस विकसित होने से नागरिकों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही सेवाएं मिल सकेंगी और निगम की सेवाएं अधिक सुलभ, विकेंद्रीकृत एवं नागरिक-केंद्रित बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सर्किल ऑफिस में निगम की विभिन्न शाखाओं से संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी सेवाओं से जुड़े रहेंगे, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यों के लिए बार-बार निगम मुख्यालय आने की आवश्यकता कम होगी। निगम बोर्ड की सहमति एवं अनुशंसा के उपरांत स्थल निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर इन सर्किल ऑफिस को चरणबद्ध तरीके से सक्रिय किया जाएगा। सर्किल ऑफिस शुरू होने के बाद नागरिकों को उनके क्षेत्र में उपलब्ध सेवाओं एवं केंद्रों की जानकारी भी व्यापक रूप से दी जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य स्पष्ट है—सेवा के लिए नागरिक निगम तक नहीं, बल्कि निगम की सेवाएं नागरिकों के और करीब पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक एवं निगम की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Spread the love