पारस एचईसी हॉस्पिटल में दुर्लभ नोडोपैथी के चार मरीजों का सफल इलाज

Health

सही जांच से नोडोपैथी की पहचान और बेहतर उपचार संभव: डॉ संजीव कुमार शर्मा

Eksandeshlive Desk

रांची: पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची में न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ संजीव कुमार शर्मा की देखरेख में दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल बीमारी नोडोपैथी/पैरानोडोपैथी के मरीजों का सफल इलाज किया गया है। यह बीमारी शुरुआती लक्षणों में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (जीबीएस) जैसी दिखाई देती है, जिसके कारण इसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण होता है। अस्पताल में पिछले छह महीनों में इस बीमारी के चार मरीज इलाज के लिए पहुंचे हैं और उपचार के बाद मरीजों में अच्छा सुधार देखा गया।

डॉ संजीव कुमार शर्मा के अनुसार नोडोपैथी/पैरानोडोपैथी में मरीज के हाथ-पैरों में धीरे-धीरे कमजोरी बढ़ती है। यह कमजोरी आमतौर पर पैरों से शुरू होकर हाथों तक पहुंचती है और कुछ समय में चारों अंगों की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है। हालांकि, जीबीएस के विपरीत इन मरीजों में सामान्यतः सांस लेने में परेशानी नहीं होती और वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ती। ऑटोनोमिक डिस्फंक्शन भी आमतौर पर नहीं पाया जाता। इस बीमारी का निदान आसानी से नहीं हो पाता। मरीज के क्लीनिकल लक्षणों और नर्व कंडक्शन स्टडी में मिलने वाले विशिष्ट संकेतों के आधार पर बीमारी का संदेह किया जाता है। इसके बाद कमर से लिए गए द्रव और रक्त की जांच के माध्यम से नोडोपैथी/पैरानोडोपैथी की पुष्टि की जाती है। पिछले छह महीनों में चार मरीज इस बीमारी के इलाज के लिए पारस एचईसी हॉस्पिटल पहुंचे। मरीजों को विभिन्न स्थानों पर उपचार के लिए भेजा गया था और एक मामले में सेकंड ओपिनियन भी लिया गया। विशेषज्ञों की राय के बाद उपचार की दिशा सही पाए जाने पर इलाज जारी रखा गया।

इस तरह के उपचार में प्लाज्मा एक्सचेंज महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके बाद मरीजों को आवश्यकता के अनुसार मेंटेनेंस थेरेपी पर रखा जाता है। उपचार के बाद लगभग दो महीने में करीब 90 प्रतिशत मरीजों के सामान्य रूप से चलने की स्थिति में वापस आने की संभावना देखी गई है। अस्पताल में इलाज किए गए चारों मरीजों में उपचार के प्रति अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि नोडोपैथी/पैरानोडोपैथी एक दुर्लभ बीमारी है, जिसकी पहचान में विशेष सावधानी और विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। पारस एचईसी हॉस्पिटल की न्यूरोलॉजी टीम में ऐसी जटिल न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के निदान और उपचार के लिए आवश्यक विशेषज्ञता एवं सुविधाएं उपलब्ध हैं।

Spread the love