कोडरमा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आज कोडरमा जिले में दोनों महान विभूतियों को श्रद्धा व सम्मान के साथ नमन किया गया।
इस अवसर पर कोडरमा बाजार स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कनक कुमारी तिर्की सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत समाहरणालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष, उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन सहित अन्य पदाधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। गांधी जयंती के अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और मानव सेवा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।
